अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। धर्म, भक्ति और आस्था के अद्भुत संगम के साथ आज भगवान दत्तात्रेय जयंती उत्सव का शुभारंभ हुआ। प्रातःकाल मंगलमय वातावरण में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसके साथ ही श्री विष्णु महायज्ञ का विधिवत प्रारंभ हो गया। यह महासंयोग 30 नवम्बर 2025 से 05 दिसम्बर 2025 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न होंगी।
भव्य कलश यात्रा—भक्ति और आस्था का अनोखा दृश्य
सुबह से ही नगर के विभिन्न मार्गों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कन्याओं और महिलाओं द्वारा सिर पर सौभाग्य व समृद्धि का प्रतीक कलश धारण कर निकाली गई यात्रा में भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनियाँ प्रतिध्वनित होती रहीं। ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ यात्रा का माहौल भक्तिमय बना रहा।
कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मुख्य महामाया चौक, बड़ी बाजार, पंडरी नाथ मंदिर, मे कलश यात्रियों का श्रीफल से भेंट कर कलश पूजा की वही पुराना बस स्टैंड,हाई स्कूल चौक, बनिया पारा, सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस बूढ़ा महादेव यज्ञ स्थल पहुँची, जहाँ हवन स्थल पर यज्ञाचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से महायज्ञ का आरंभ कराया।

वैदिक अनुष्ठानों से गुंजायमान हुआ वातावरण
महायज्ञ के प्रथम दिन यज्ञाचार्यों द्वारा स्वस्ति वाचन, अग्नि प्रज्वलन, विशेष पूजन, तथा रुद्र-चंडी पाठ से वातावरण शुद्ध और पावन हो गया। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
छह दिन चलेगा महायज्ञ, प्रतिदिन होंगे धार्मिक कार्यक्रम
उत्सव समिति के सदस्यों ने बताया कि 6 दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन सुबह यज्ञ, दोपहर को प्रवचन तथा शाम को भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। धार्मिक कार्यक्रमों में क्षेत्र के प्रतिष्ठित संत-महात्मा तथा विद्वान पंडित मंडल अपने विचार एवं आशीर्वचन देंगे।
उत्सव स्थल पर बनाई गई भव्य सजावट
महायज्ञ स्थल को रंग-बिरंगी लाइटों, पुष्पमालाओं और तोरण द्वारों से सजाया गया है। पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण का विशेष अनुभव किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग सेवा केंद्र, प्रसाद व्यवस्था तथा पेयजल की पर्याप्त प्रबंध भी किए गए हैं।
श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास
भगवान दत्तात्रेय जयंती के अवसर पर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। दूर-दूर से श्रद्धालु रतनपुर पहुँच रहे हैं। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से अनुरोध किया है कि वे परिवार सहित इस धार्मिक उत्सव में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करे|



