सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : नारायणपुर जिले में नाबालिग बालिका की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा पीड़िता से पूर्व परिचय का लाभ उठाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
थाना सोनपुर, जिला नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम ओरछाकुरुई निवासी नाबालिग बालिका राधा (नाम परिवर्तित) दिनांक 31 दिसंबर से लापता थी। दिनांक 04 जनवरी को ग्रामीणों द्वारा कोसरा खेत में उसका शव देखा गया, जिसके बाद तत्काल थाना सोनपुर को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। घटनास्थल के वैज्ञानिक परीक्षण हेतु एफएसएल टीम को बुलाया गया। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आरोपी की जानकारी:
पुलिस ने प्रकरण में संलिप्त आरोपी की पहचान ग्राम गुनेर निवासी संजू कुमेटी के रूप में की है। पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी ने धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) का उपयोग कर अपराध को अंजाम दिया। आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।
जांच एवं कार्रवाई:
पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच पेशेवर एवं वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही है। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। विवेचना पूर्ण होने पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रकरण से संबंधित अन्य प्रामाणिक जानकारी समयानुसार साझा की जाएगी।
पुलिस ने पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।



