अमित दुबे की रिपोर्ट :-
मल्हार। नगर पंचायत मल्हार में इन दिनों राजस्व वसूली को लेकर अभूतपूर्व सक्रियता देखने को मिल रही है। नगर की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) मनीष सिंह ने अपनी पूरी टीम के साथ स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा घर-घर पहुंचकर बकाया करों की वसूली का अभियान चलाया जा रहा है|

जिसकी नगरभर में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत मल्हार के कई ऐसे उपभोक्ता हैं जिन्होंने लंबे समय से संपत्ति कर, जलकर एवं अन्य नगरीय शुल्कों का भुगतान नहीं किया था। ऐसे बकायादारों के खिलाफ नगर पंचायत ने सख्त रुख अपनाते हुए वसूली की कार्यवाही प्रारंभ की।
इस दौरान अधिकारियों ने न केवल बकायादारों को समझाइश दी, बल्कि नियमों के तहत कुछ मामलों में नल कनेक्शन काटने जैसी सख्त कार्रवाई भी की गई।

सीएमओ मनीष सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य स्पष्ट है—नगर पंचायत की आय बढ़ाकर विकास कार्यों को मजबूती देना। नगर पंचायत को शासन द्वारा प्रदत्त अधिकारों के अंतर्गत बकाया करों और शुल्कों की वसूली हेतु कठोर कदम उठाने का अधिकार है, जिसमें जल कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई भी शामिल है।
नगर पंचायत अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि नगर के समुचित विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए की जा रही है। पूर्व में भी मल्हार नगर पंचायत अपने कार्यों को लेकर सुर्खियों में रही है, लेकिन यह हालिया अभियान पूरी तरह से बकाया वसूली और वित्तीय अनुशासन से संबंधित है।

सीएमओ मनीष सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नगरवासी समय पर अपने जलकर, संपत्ति कर एवं अन्य नगर पंचायत शुल्कों का भुगतान नगर पंचायत कार्यालय में करें, ताकि किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार सख्ती बरती जाएगी।
नगर पंचायत की इस सक्रिय पहल को लेकर आमजन में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, लेकिन अधिकांश नागरिक इसे नगर के हित में उठाया गया आवश्यक कदम मान रहे हैं।



