सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर — राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जिला नारायणपुर के तत्वावधान में माहका स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संगम राष्ट्रभाव, अनुशासन और युवा ऊर्जा का प्रेरणादायी संगम बनकर उभरा। जिले के विभिन्न अंचलों से पहुँचे लगभग 500 युवक-युवतियों ने उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
युवा संगम के दौरान बौद्धिक सत्र, आनंद मिलन, जिज्ञासा समाधान सहित विविध सत्र आयोजित किए गए। बौद्धिक सत्रों में वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र की आधारशिला बताते हुए भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, अनुशासन, सेवा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सशक्त और संस्कारवान युवा ही आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र की दिशा तय करते हैं।
जिज्ञासा समाधान सत्र में युवाओं ने समाज, राष्ट्र और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े प्रश्न खुलकर रखे, जिनका वक्ताओं ने सरल, तार्किक और प्रेरक ढंग से समाधान किया। इससे युवाओं में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता और अधिक सुदृढ़ हुई। वहीं आनंद मिलन कार्यक्रम ने आपसी सौहार्द, भाईचारे और संगठनात्मक एकता को मजबूत किया।
इस आयोजन में लड़के और लड़कियों की समान व सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवा शक्ति की भूमिका सर्वव्यापी और निर्णायक है। विभिन्न वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे सेवा, त्याग और अनुशासन को जीवन का मूल मंत्र बनाकर समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान दें।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वबोध को विकसित करना रहा। समापन अवसर पर युवाओं ने इस आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें सकारात्मक दिशा, ऊर्जा और राष्ट्र सेवा के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।



