गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर | सोने के सिक्के और नकद चोरी के एक बड़े मामले में जशपुर पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने चार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
यह मामला थाना नारायणपुर के अपराध क्रमांक 114/2025 से जुड़ा है, जो ग्राम केराडीह रैनीडांड में हुई चोरी से संबंधित है। पुलिस के अनुसार 6 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया सुषमा निकुंज ने अपने निवास से करीब 15 लाख रुपये नकद और सोने के सिक्के चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रकरण का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रार्थिया की भतीजी भी शामिल है। वहीं, इस मामले में शामिल चार आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
फरार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
- अविनाश राम प्रधान (27 वर्ष), निवासी पुरना नगर, रानी बगीचा, जशपुर
- घनश्याम प्रधान (29 वर्ष), निवासी ग्राम जुड़वाइन अंबाटोली, हाल मुकाम बांकी टोली, जशपुर
- अनमोल भगत (25 वर्ष), निवासी ग्राम आरा, थाना जशपुर
- विजय बसंत बड़ाईक (39 वर्ष), निवासी ग्राम झीरपानी, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा
पुलिस ने बताया कि इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस रेग्युलेशन के प्रावधानों के तहत उद्घोषणा जारी की गई है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सूचना देने के लिए जशपुर पुलिस द्वारा विभिन्न संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



