सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | स्व बद्रीनाथ बघेल जिला अस्पताल, नारायणपुर में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनोद भोयर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया।
ध्वजारोहण के पश्चात सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बीते एक वर्ष में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। चिकित्सकों में डॉ. दीक्षा तिवारी एवं डॉ. अभिलाषा अग्रवाल को त्रिपलेट शिशुओं के सफल उपचार एवं जीवनरक्षा हेतु विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में नर्सिंग स्टाफ से नर्स दिलीप पोयाम, सुनीता कावड़े एवं सुकाड़ो पोटाई को उनके समर्पित सेवाभाव के लिए सम्मान प्रदान किया गया। वहीं अस्पताल के एंबुलेंस एवं वाहन चालकों रानू पोटाई,राजेश माने, अवधेश ध्रुव एवं विकास नुरेटी को आपातकालीन सेवाओं में तत्परता के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त डेटा एंट्री ऑपरेटर विनोद पात्र एवं ओम प्रकाश मरकाम को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. विनोद भोयर ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा सम्मानित सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीम भावना के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल की प्रगति और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।



