अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। जिन नन्हे हाथों में किताबें, कलम और उज्ज्वल भविष्य के सपने होने चाहिए थे, उन्हीं हाथों में नशे की सुई और गोलियां थमाने वाले सौदागरों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने सख्त और सराहनीय कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नाबालिगों और युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक खतरनाक नेटवर्क पर चोट की है।
यह कार्रवाई केवल कानून व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि उन मासूम जिंदगियों को बचाने की एक गंभीर कोशिश है, जो नशे के अंधेरे में धीरे-धीरे अपना बचपन, स्वास्थ्य और भविष्य खो रही थीं।
पहला मामला : नशे की सुई से बच्चों को बना रहा था आदी
पहले मामले में सिटी कोतवाली पुलिस को जूना बिलासपुर क्षेत्र में सूचना मिली कि एक युवक नाबालिग बच्चों को नशीले इंजेक्शन देकर उन्हें लत का शिकार बना रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुछ बच्चे भाग निकले, लेकिन आरोपी अमन विश्वकर्मा उर्फ टेंगा (25 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन, प्रतिबंधित गोलियां, सिरिंज तथा नकद राशि बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी लंबे समय से मासूम बच्चों को निशाना बनाकर उन्हें नशे का आदी बना रहा था, जिससे उनका भविष्य अंधकार में जा रहा था।
दूसरा मामला : गांधी चौक में खुलेआम बिक रहा था नशा
दूसरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस ने गांधी चौक क्षेत्र से प्रिंस बोले (20 वर्ष) नामक युवक को नशीली गोलियों की अवैध बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ बरामद की गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास न तो किसी प्रकार का चिकित्सकीय पर्चा था और न ही दवाइयों के वैध दस्तावेज। यह ज़हर खुलेआम युवाओं को बेचा जा रहा था, जो धीरे-धीरे उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला कर रहा था।

नशे का जाल मासूम बचपन तक पहुँचा
इन दोनों मामलों ने समाज के सामने एक कड़वी सच्चाई उजागर की है कि नशे का कारोबार अब केवल वयस्कों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गलियों, चौराहों और मासूम बचपन तक पहुंच चुका है। यह स्थिति न केवल कानून व्यवस्था के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।
कानूनी कार्रवाई और सख्त संदेश
सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध जेजे एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि बच्चों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा है, वहीं आम नागरिकों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते मासूम जिंदगियों को बचाया जा सके।



