गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
पत्थलगांव। ग्राम बटूरा बहार हर्रापारा निवासी देवसिंग नेताम पिता मुनेश्वर नेताम ने आज सुबह अपने खेत में लगे बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना चिकटापारा स्थित उनके खेत की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवसिंग नेताम सुबह ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने गए थे। एक राउंड जुताई करने के बाद वे मेड पर पहुंचे, जहां बबूल के पेड़ में फंदा लगाकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। खेत में काम के दौरान अचानक यह निर्णय लेने के पीछे के कारण फिलहाल अज्ञात हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
ग्रामीणों में यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि खेत में जुताई के दौरान ऐसी कौन सी मन:स्थिति बनी, जिसने किसान को यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। क्षेत्र में घटना से शोक का माहौल है।



