गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़ | खरसिया थाना क्षेत्र के हमालपारा में मोटरसाइकिल से नगदी व दस्तावेज चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम और दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवाहर कॉलोनी खरसिया निवासी व्यवसायी विनोद अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे उन्होंने हमालपारा स्थित एक दुकान के सामने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी। बाइक के हैंडल में टंगे बैग में करीब 8-9 हजार रुपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। कुछ देर बाद लौटने पर बैग गायब मिला।
मामले में चौकी खरसिया में चोरी का अपराध धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
छापेमारी कर पुलिस ने राजू महंत (35) और अंकित वैष्णव (27), दोनों निवासी हमालपारा, को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से कुल 8,000 रुपये नगद, चोरी किया गया बैग, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की सख्त नजर है और ऐसे मामलों में त्वरित व कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।



