सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : सरगीपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात लगभग 12:30 बजे 40 वर्षीय महिला संगोटी पर उसके ही घर में घुसकर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। उस समय महिला अपने छोटे बेटे के साथ सो रही थी, जबकि उसका पति पास के ईंटाभट्टी में सो रहा था।
हमलावर ने अचानक महिला की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल घायल महिला को उपचार हेतु जिला अस्पताल नारायणपुर पहुंचाया।
अस्पताल में आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. तामेश सलाम ने प्राथमिक जांच की। परीक्षण के दौरान पाया गया कि महिला की गर्दन पर गहरा घाव था और लगातार तेज रक्तस्राव हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑफ ड्यूटी चिकित्सक डॉ. हिमांशु सिन्हा तथा डॉ. धनराज सिंह डड़सेना ने तत्काल हस्तक्षेप किया, डॉ. तामेश सलाम एवं ड्रेसर यश धनकर के सहयोग से चिकित्सक दल ने सूझबूझ और सावधानीपूर्वक उपचार करते हुए मरीज की स्थिति को नियंत्रित किया। समय पर उपचार मिलने से महिला की जान बचाई जा सकी।
वर्तमान में महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।



