अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बेलगहना (जिला बिलासपुर)। चौकी बेलगहना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डांडबछाली से दो दिन से लापता एक व्यक्ति को पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस डॉग ‘विमला’ ने लगभग 10 किलोमीटर तक सर्च कर घने जंगलों में अचेत अवस्था में पड़े व्यक्ति को खोज निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को ग्राम डांडबछाली निवासी अरुण सिंह सिदार ने चौकी बेलगहना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके चाचा तरुण सिदार (48 वर्ष) 19 फरवरी की सुबह ग्राम तुलुफ स्थित खेत जाने के लिए निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा 20 फरवरी को खोजबीन की गई, जिसमें पता चला कि उन्हें अंतिम बार गांव के कुछ साथियों के साथ खेत में देखा गया था। किसी अनहोनी की आशंका के चलते चौकी में गुम इंसान कायम किया गया।
मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (कोटा) नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल पर तरुण सिदार की टोपी और चप्पल बरामद होने पर डॉग स्क्वाड को बुलाया गया।
बिलासपुर से पहुंची पुलिस डॉग ‘विमला’ ने मौके पर बरामद वस्तुओं को सूंघकर जंगल की ओर सर्च शुरू किया और लगभग 10 किलोमीटर दूर पहाड़बछाली के घने जंगलों में तरुण सिदार को अचेत अवस्था में ढूंढ निकाला। तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद पूछताछ में उन्होंने बताया कि अत्यधिक नशे की हालत में भटककर जंगल में चले गए थे और दो दिनों से भूखे-प्यासे वहीं पड़े रहे।
समय रहते बरामदगी नहीं होने पर कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती थी। पुलिस डॉग ‘विमला’ की सूझबूझ और सक्रियता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। उल्लेखनीय है कि डॉग स्क्वाड पूर्व में भी कई मामलों में पुलिस को सफलता दिला चुका है।



