Oplus_131072
रतनपुर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत की कार्रवाई, बटनदार चाकू जब्त
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। थाना रतनपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर धारदार चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल उत्पन्न करने वाले एक युवक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को थाना रतनपुर में सूचना प्राप्त हुई कि बड़ीबाजार रतनपुर में एक युवक बटनदार चाकू दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। बताया गया कि उक्त युवक चाकू दिखाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर रहा था, जिससे लोगों में भय का वातावरण उत्पन्न हो रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की। पुलिस टीम ने नूतन चौक, बड़ीबाजार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी की पहचान निजाम अली उर्फ अश्शू पिता रजब अली, उम्र 21 वर्ष, निवासी बड़ीबाजार रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों का प्रदर्शन कर भय का वातावरण बनाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, आरक्षक आकाश डोंगरे एवं धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा।




