दंतेवाड़ा, 04 नवंबर 2026। जिले में दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों एवं मिठाई दुकानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ द्वारा अवमानक, मिथ्याछाप एवं गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस निर्देशों के परिपालन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को दंतेवाड़ा स्थित मोहसिन ट्रेडर्स से देशी गाय घी, फॉर्च्यून बेसन एवं भगवती तुअर दाल के विधिक नमूने तथा श्रीमूल देशी गाय घी का निगरानी नमूना संकलित किया गया। इसी प्रकार देवभोग स्वीट्स से सफेद पेड़ा का विधिक नमूना लिया गया। अंवराभाटा स्थित अम्बे बिकानेर स्वीट्स से कलाकंद एवं महालक्ष्मी नमकीन मिक्सचर के विधिक नमूने तथा आम पापड़ रोल, चॉकलेट बर्फी एवं श्री बालाजी बेकरी टोस्ट के निगरानी नमूने संकलित किए गए।

इसी क्रम में 03 नवंबर 2026 को बड़े बचेली स्थित कन्हैया लाल एंड संस से एवरेस्ट गरम मसाला (मिश्रित मसाला पाउडर) एवं किंग्स रिफाइंड सोयाबीन तेल के निगरानी नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम, 2011 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले के समस्त खाद्य प्रतिष्ठानों एवं मिठाई दुकानों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान गुणवत्ताहीन एवं कालातीत खाद्य पदार्थों के नष्टीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी अवधि में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संकलन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




