गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर। छत्तीसगढ़ में गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बेलडेगी में पुलिस ने घेराबंदी कर 70 नग बैलों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे थाना पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी संख्या में बैलों को पैदल हांककर अवैध रूप से दूसरे राज्य ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम बेलडेगी के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम शंकर ढाबा के पास पहुंची, जहां कई लोग बैलों को पैदल हांककर ले जाते मिले। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर सभी 23 लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से बैलों के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज एवं रसीद मांगी, लेकिन कोई भी आरोपी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध क्रमांक 266/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से कुल 70 बैल बरामद किए गए। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG14ML5856 और हीरो स्प्लेंडर क्रमांक CG14MW4009 को भी जब्त किया गया।
गौवंशों को भेजा गया गौशाला
पुलिस ने सभी बरामद गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके बाद उनकी सुरक्षा और देखरेख के लिए गौशाला भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के बाद सभी 23 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन 23 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में रोथो राम (42), लक्ष्मण राम यादव (25), गुलाम हुसैन (45), दशरथ यादव (42), बालकुंवर राम (35), विकास टोप्पो (25), विनीत टोप्पो (22), किशोर मिंज (35), राजू महतो (24), विकास उर्फ विक्की मलार (19), नंदकुमार (35), हेमंत कुमार (22), शिवकुमार (40), अमित खलखो (35), जोन मिंज (30), अंतियुस खलखो (58), रवी राम डोम (19), कलदियुस खलखो (40), आमोस मिंज (30), ननकु कोरवा (40), रामवृक्ष नगेशिया (25), धनसाय राम (38) और सनेश्वर राम (24) शामिल हैं। सभी आरोपी जशपुर जिले के विभिन्न गांवों के अलावा झारखंड के गुमला जिले के निवासी बताए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ताम्रकार सहित थाना पत्थलगांव की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंशों के अवैध परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर पुलिस की निगरानी है और उनके विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




