विकास भुवाल ब्यूरो चीफ क़ी रिपोर्ट
बेमेतरा, 04 नवंबर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय करने वाले किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन जारी किए जाएंगे। इस सुविधा से किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने हेतु समितियों में लंबी कतारों में लगने से राहत मिलेगी। किसान घर बैठे 24 घंटे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। ऐप के माध्यम से किसान ओटीपी आधारित पंजीयन कर टोकन प्राप्त कर सकते हैं। समिति में निर्धारित प्रतिदिन की धान खरीदी सीमा का 70 प्रतिशत टोकन ऐप के माध्यम से तथा शेष 30 प्रतिशत टोकन समिति के माध्यम से जारी किए जाएंगे।
ऐप के माध्यम से निर्धारित 70 प्रतिशत खरीदी सीमा में से 80 प्रतिशत लघु एवं सीमांत किसानों तथा 20 प्रतिशत दीर्घ किसानों के लिए निर्धारित रहेगा। दो एकड़ तक भूमि वाले लघु एवं सीमांत किसानों को एक टोकन, दो एकड़ से अधिक एवं 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले दीर्घ किसानों को तीन टोकन प्रदान किए जाएंगे।
पूर्व वर्ष की भांति किसान अपनी धान विक्रय की मात्रा की प्रविष्टि कर टोकन प्राप्त कर सकेंगे। पात्रतानुसार दूसरे एवं तीसरे टोकन के माध्यम से शेष धान की मात्रा का भी विक्रय किया जा सकेगा।
किसान 10 नवंबर 2026 से ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इसके अंतर्गत 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की अवधि के लिए टोकन काटे जा सकेंगे। विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप का उपयोग कर सुविधाजनक तरीके से धान विक्रय हेतु टोकन प्राप्त करें।




