सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर, 28 फरवरी 2026। नारायणपुर पुलिस ने शहर में हुई श्रृंखलाबद्ध रात्रिकालीन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार जिला जेल कांकेर में दाखिल किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत दिनांक 10 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 03:40 बजे से 03:50 बजे के मध्य मंडी कॉम्प्लेक्स, कलेक्ट्रेट रोड स्थित रानी मेडिकल स्टोर, मां सिद्धिदात्री मेडिकल स्टोर एवं सिद्धिविनायक मेडिकल दुकानों के शटर का ताला तोड़कर आरोपियों ने भीतर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नगद राशि चोरी कर ली।
उक्त घटनाओं के संबंध में अपराध क्रमांक 15/2026, 16/2026 एवं 17/2026 धारा 331(4), 305, 3(5) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
इसी क्रम में दिनांक 17-18 फरवरी 2026 की रात्रि मेन रोड स्थित राम मंदिर परिसर का ताला तोड़कर आरोपियों ने लगभग ₹10,000 नगद राशि, एक पीतल की घड़ी एवं एक तांबे का लोटा चोरी कर लिया। इस संबंध में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान आरोपियों की पहचान ललित कुमार सोरी, पंकज दास मानिकपुरी एवं अनिल पोटाई के रूप में हुई। तीनों आरोपी अन्य प्रकरण में जिला जेल कांकेर में निरुद्ध थे। माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दिनांक 28 फरवरी 2026 को आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- ललित कुमार सोरी, पिता कावे राम, उम्र 22 वर्ष, निवासी उड़ीदगांव, थाना बेनूर, जिला नारायणपुर
- पंकज दास मानिकपुरी, पिता गौतम दास मानिकपुरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी दण्डवन, थाना फरसगांव, जिला नारायणपुर
- अनिल पोटाई, पिता दया राम पोटाई, उम्र 19 वर्ष, निवासी साकड़ीबेड़ा, थाना नारायणपुर
पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।



