अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। धार्मिक आस्था, संस्कृति और सेवा कार्यों के लिए समर्पित माँ कामाख्या धर्मादा ट्रस्ट द्वारा 10 मार्च से 18 मार्च तक रतनपुर के बड़ी बाजार क्षेत्र में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक आयोजन में प्रयागराज से पधार रहे संतप्रवर संकर्षण शरण जी महाराज के पावन श्रीमुख से श्रीकृष्ण चरित्र एवं भागवत महिमा की अमृतमयी धारा बहेगी, जिसका लाभ समस्त नगरवासियों को प्राप्त होगा।
ट्रस्ट की स्थापना प्रयागराज में माँ कामाख्या के परम उपासक संत श्री संकर्षण शरण जी महाराज द्वारा की गई थी। ट्रस्ट अपने धार्मिक एवं सेवा कार्यों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में शाखाओं का विस्तार कर रहा है। संस्था द्वारा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग, पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इसी सेवा श्रृंखला के अंतर्गत माँ महामाया की पावन नगरी रतनपुर में इस भव्य कथा का आयोजन किया जा रहा है।

इस कथा के मुख्य यजमान एवं आयोजक सावित्री गुप्ता तथा संतोष गुप्ता (संचालक, उत्तम ज्वेलर्स) हैं। आयोजन के स्थानीय प्रतिनिधि मुकेश श्रीवास्तव एवं मातृ शक्ति प्रमुख लखराम तथा शशि गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न स्थानों से ट्रस्ट के शिष्यगण एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करेंगे।
कथा आयोजन की तैयारियों को लेकर संतोष गुप्ता जी के निवास पर एक महाबैठक आयोजित की गई, जिसमें कथा संचालन एवं व्यवस्थाओं हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया। समिति में वर्षा श्रीवास्तव, स्मरण महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष शिवानी सोनी, मंजू गुप्ता, मधु गुप्ता, सोनिया सोनी, ब्राह्मण समाज की अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, श्रीमती माधुरी बैसवाडे सहित अन्य मातृशक्ति को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।

बैठक के समापन अवसर पर होलिका दहन की पूर्व संध्या पर फूलों की होली खेली गई और उपस्थित सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को होली रंगोत्सव की शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति ने समस्त नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की है।



