विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से *
*जर्जर झोपड़ी से पक्के मकान तक पहुँची श्रीमती दशोदा धीवर की कहानी*
*बेमेतरा 24 मार्च 2026:-* ग्राम पंचायत सरदा, जनपद पंचायत बेरला की रहने वाली श्रीमती दशोदा धीवर के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने एक नई उम्मीद और खुशहाली लेकर आई है। वर्ष 2024-25 में स्वीकृत आवास का निर्माण कार्य 20 अगस्त 2025 को पूर्ण हुआ, जिसके बाद उनका वर्षों पुराना सपना साकार हो गया।
*कच्ची झोपड़ी में गुज़रता था जीवन*
आवास मिलने से पहले श्रीमती दशोदा धीवर का घर कच्ची दीवारों और घास-फूस की छत से बना एक जर्जर झोपड़ी था। हर बारिश में छत से पानी टपकता था और दीवारें कमजोर हो जाती थीं। तूफान के समय उन्हें पूरी रात जागकर बितानी पड़ती थी, क्योंकि हमेशा यह डर बना रहता था कि कहीं घर गिर न जाए। गर्मी और सर्दी दोनों ही मौसम उनके लिए बेहद कठिन साबित होते थे और सुरक्षा की चिंता हमेशा बनी रहती थी।
*मेहनत-मजदूरी से चल रहा था परिवार*
श्रीमती दशोदा धीवर दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करती थीं। उनकी आय अनिश्चित थी और कई बार उन्हें रोज़ की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। एक पक्के और सुरक्षित घर का सपना उनके लिए लगभग असंभव जैसा लगने लगा था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी।
*निर्माण का सफर रहा चुनौतीपूर्ण लेकिन सफल*
आवास निर्माण की प्रक्रिया आसान नहीं थी। उन्हें बैंक खाता खुलवाना पड़ा, आवश्यक दस्तावेज तैयार करने पड़े और योजना के तहत मिलने वाली राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करना पड़ा। शासन द्वारा सहायता राशि किश्तों में सीधे उनके खाते में भेजी गई, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और भरोसेमंद बनी रही।
स्थानीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और ग्रामीणों के सहयोग से उन्होंने निर्माण कार्य शुरू किया। पैसे बचाने के लिए उन्होंने खुद भी श्रमदान किया और धीरे-धीरे ईंट दर ईंट उनका सपना साकार होता गया।
*पक्का मकान बना खुशियों का नया आधार*
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बने इस नए मकान में मजबूत दीवारें, अच्छी छत और सुरक्षित दरवाजा है। इसके साथ ही उन्हें शौचालय निर्माण की सुविधा मिली और संबंधित योजनाओं के माध्यम से बिजली एवं स्वच्छ खाना पकाने के ईंधन की भी सुविधा उपलब्ध हुई। अब उनका घर भले ही सादा है, लेकिन मजबूत और सुरक्षित है।
*आवास बनने के बाद बदला पूरा जीवन*
आवास पूर्ण होने का दिन श्रीमती दशोदा धीवर के जीवन के सबसे खुशी भरे पलों में से एक था। उनके बच्चों ने घर के सामने रंगोली बनाकर खुशी जाहिर की और पड़ोसियों ने भी इस अवसर पर उन्हें बधाई दी। अब उनके बच्चों को सुरक्षित और सूखे वातावरण में पढ़ाई करने का मौका मिल रहा है। बेहतर आवास मिलने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी कम हो गई हैं और समाज में उन्हें सम्मान और प्रतिष्ठा भी मिली है।
*अब बारिश डर नहीं, खुशी का कारण है*
पहले जहां बारिश का नाम सुनकर उन्हें डर लगता था, वहीं अब वह अपने पक्के मकान में सुरक्षित बैठकर बारिश का आनंद लेती हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ने न सिर्फ उन्हें एक घर दिया है, बल्कि आत्मविश्वास और सम्मान के साथ बेहतर जीवन जीने का अवसर भी दिया है।प्रधानमंत्री आवास योजना का यह उदाहरण बताता है कि शासन की योजनाएं जब सही तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचती हैं, तो वे किसी परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।




