अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर, बिलासपुर।
थाना रतनपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में आम नागरिकों को भयभीत कर अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 अप्रैल 2026 को थाना रतनपुर में फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रानीगांव मेन रोड के पास दो व्यक्ति आम राहगीरों को धारदार चाकू एवं कट्टा नुमा हथियार दिखाकर डरा-धमका रहे हैं तथा क्षेत्र में उत्पात मचा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रशिक्षु भापुसे एवं थाना प्रभारी अंशिका जैन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों—अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) को अवगत कराया।
वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देश के बाद थाना प्रभारी द्वारा एक टीम का गठन कर मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
नबीदाद खान, पिता नवाब खान, उम्र 42 वर्ष, निवासी करैहापारा रतनपुर
दीशू कोरी, पिता गोविंद प्रसाद कोरी, उम्र 23 वर्ष, निवासी रानीगांव रतनपुर
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, एक कट्टा नुमा हथियार तथा घटना में प्रयुक्त कार को जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक नरेश गर्ग, आरक्षक देवानंद चन्द्राकर, पवन ठाकुर, हरनारायण नेटी एवं रामकुमार साहू का विशेष योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है, वहीं असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



