अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में गुरुवार तड़के लगभग 4 बजे एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसने अवैध रेत खनन के खतरनाक स्वरूप को एक बार फिर उजागर कर दिया। अवैध रूप से रेत खनन कर लौट रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से दब गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़वट स्थित रेत घाट से बिना अनुमति रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था।
इसी दौरान वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और पलट गया। ट्रॉली में सवार नाबालिग अमित कश्यप और अमित यादव उसके नीचे दब गए।
इस भीषण हादसे में नाबालिग अमित कश्यप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अमित यादव को कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।
इस घटना ने एक बार फिर अवैध रेत खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




