अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर/बिलासपुर।
बेलगहना पुलिस एवं ACCU (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने सतर्कता दिखाते हुए टेंगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जांच के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में नगदी रकम बरामद की गई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज, पिता अर्जुन बजाज, उम्र 35 वर्ष, निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो सूटकेस एवं एक बैग (बिट्टू बैग) बरामद हुआ, जिनकी जांच करने पर उसमें कुल 17 लाख 90 हजार रुपये नगद पाए गए। इतनी बड़ी रकम मिलने पर पुलिस ने तुरंत उसे जब्त कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद राशि के स्रोत के संबंध में आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह रकम किस प्रयोजन से लाई जा रही थी और इसका संबंध किसी अवैध गतिविधि से है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आयकर विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों से भी संपर्क किया जा सकता है।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है, वहीं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा भी बढ़ा है।




