कई की मौत की आशंका, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे
सवाल; विधायक का धरना, FIR की मांग
अमित दुबे की रिपोर्ट
डभरा/सक्ति
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर भीषण बॉयलर ब्लास्ट हो गया। हादसे में 30 से अधिक मजदूर झुलस गए हैं, जबकि कई मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर वहां कार्यरत मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। प्रारंभिक तौर पर बॉयलर में अत्यधिक दबाव या तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।घटना के बाद चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव पावर प्लांट के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा मृतकों और घायलों का सही आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए और वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाए।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्लांट प्रबंधन से जवाब तलब किया गया है। घायलों का उपचार जारी है। इस घटना के बाद एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।






