Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। रायपुर संभागायुक्त श्री श्याम धावडे की अध्यक्षता में शनिवार को कार्यालय आयुक्त, रायपुर संभाग के सभाकक्ष में लंबित राजस्व प्रकरणों एवं भारतमाला परियोजना से संबंधित भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रायपुर संभाग के संबंधित जिलों के अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भू-अर्जन से संबंधित अधिकारी तथा भारतमाला परियोजना के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नामांतरण, खाता विभाजन, व्यपवर्तन एवं सीमांकन से संबंधित लंबित राजस्व प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
संभागायुक्त ने भारतमाला परियोजना से संबंधित भू-अर्जन प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान मध्यस्थम् एवं सुलह अधिनियम, 1996 के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों में मूल अभिलेखों तथा जवाबदावा की स्थिति की जानकारी ली गई। बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
श्री श्याम धावडे ने अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए लंबित मामलों के निराकरण में आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी प्रकरणों में समयबद्ध कार्यवाही करने पर जोर दिया।
संभागायुक्त ने भारतमाला परियोजना से जुड़े भू-अर्जन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के साथ-साथ संबंधित मूल अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने तथा आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।




