अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर स्थित हजरत सैय्यद मूसा शहीद रहमतुल्लाह अलैह के 96वें सालाना उर्स पाक का आयोजन इस वर्ष भी पूरे अकीदत, शानो-शौकत और धार्मिक उत्साह के साथ किया जाएगा।
उर्स पाक का आयोजन इंतेजामिया कमेटी एवं मुस्लिम जमात रतनपुर के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की संभावना है।
उर्स कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 मई 2026, शुक्रवार शाम 6 बजे शाही संदल चादर का आयोजन किया जाएगा।
वहीं 30 मई 2026, शनिवार रात्रि 9 बजे भव्य कव्वाली कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय कव्वाल गुलाम हबीब पेंटर एवं आरिफ कुरैशी अपनी सूफियाना कलाम और कव्वालियों से महफिल को रौशन करेंगे। इसके बाद 31 मई 2026, रविवार को कुल की फातेहा एवं दुआ के साथ उर्स पाक का समापन होगा।
उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया जाएगा। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं और जायरीन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर दरगाह की बरकत हासिल करने की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान लगातार लंगर की भी व्यवस्था रहेगी।
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति भी रहेगी। आयोजन समिति ने प्रशासन, नगर पालिका, पुलिस विभाग तथा विद्युत विभाग सहित सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
उर्स कमेटी के अध्यक्ष वादिर खान, कार्यकारी अध्यक्ष हकीम मोहम्मद, उपाध्यक्ष मिर्जी जिलानी बेग, कोषाअध्यक्ष दाऊद ,सचिव हुसैन खान सहित पूरी कमेटी आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई है।




