षेत्र में शोक का माहौल
साधीपारा निवासी 65 वर्षीय कनक कुमार राज का शव पानी में तैरता मिला, पुलिस जांच में जुटी
अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साधीपारा वार्ड क्रमांक 7 में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खुटाघाट की छोटी नहर में एक वृद्ध का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान कनक कुमार राज (65 वर्ष) पिता स्वर्गीय गया प्रसाद राज निवासी साधीपारा वार्ड क्रमांक 7 रतनपुर के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सुबह कुछ ग्रामीण नहर की ओर गए थे, तभी उन्होंने पानी में एक शव तैरता देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना रतनपुर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पंचनामा कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और लंबे समय से रतनपुर में निवासरत थे।
फिलहाल वृद्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रतनपुर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।



