मोबाइल लोकेशन के आधार पर दबोचा गया फरार आरोपी
अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। थाना रतनपुर पुलिस ने नाबालिग युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने थाना रतनपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम रानीगांव में टायर दुकान संचालित करने वाला मोहम्मद फिरोज, निवासी मुजफ्फरपुर बिहार, वर्ष 2023 से उसे शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने विभिन्न जरूरतों का हवाला देकर उससे लगभग 1 लाख 50 हजार रुपए भी ले लिए।
पीड़िता के अनुसार जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत के आधार पर थाना रतनपुर में आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी अपनी दुकान छोड़कर फरार हो गया था। महिला संबंधी गंभीर अपराध को देखते हुए थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी के मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जानकारी के आधार पर लगातार निगरानी रखी। कड़ी मेहनत और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी मोहम्मद फिरोज पिता मोहम्मद सुजान उम्र 32 वर्ष निवासी गौसीखान थाना कुष्मी जिला मुजफ्फरपुर बिहार, हाल मुकाम रानीगांव थाना रतनपुर जिला बिलासपुर को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रतनपुर लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ और कानूनी कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे एवं देवानंद चंद्राकर की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।



