जिले को विकसित खुशहाल और समृद्ध बनाया जाएगा – उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव
नगर पालिका नारायणपुर के विकास हेतु 5 करोड़ रुपए की घोषणा
युवाओं की प्रतिभा और शिक्षा को बताया जिले की पहचान
नारायणपुर, 27 मई 2026// प्रदेश के लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता और संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर प्रवास के दौरान एजी सिनेमा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर जिलेवासियों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने 12 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही नगर पालिका नारायणपुर के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि नारायणपुर जिले को विकसित, खुशहाल और समृद्ध बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कला, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में जिले के युवाओं ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। विशेष रूप से मलखंभ जैसे कठिन खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं की उन्होंने सराहना करते हुए उन्हें नमन किया।
उन्होंने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय द्वारा संचालित “नितारा” के अंतर्गत प्रस्तुत नाटक चंदा के चकोर की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस कला प्रस्तुति ने जिले की सांस्कृतिक प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने नाटक के निर्देशक एवं कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि नारायणपुर की कला और संस्कृति को देशभर में पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में आयोजित पांच दिवसीय कैरियर गाइड कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं मार्गदर्शन से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से नारायणपुर नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद नारायणपुर जिले के विकास कार्यों के लिए 307 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। जिले में सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए 32 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किए गए हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में नारायणपुर को नई पहचान दिलाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य नारायणपुर को विकसित, खुशहाल और समृद्ध जिला बनाना है। साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि जिले को नई पहचान देने के उद्देश्य से कैरियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि बच्चों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि नगरी निकाय के विकास कार्यों के लिए 120 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी गई है, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाएगा। इसके अलावा शहर में विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 23 करोड़ रुपए की लागत से लाइब्रेरी भवन का भूमिपूजन किया गया है। मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र को शीघ्र ही विकसित कर एक मॉडल नगर के रूप में स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि जिले में शिक्षा, कौशल विकास, कला, संस्कृति एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “नितारा” जैसे नवाचारों के माध्यम से आदिवासी अंचल के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान बन रही है। कलेक्टर श्रीमती जैन ने कहा कि आज हुए विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण से जिले में अधोसंरचना विकास को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन शिक्षा, रोजगार, खेल, संस्कृति एवं आजीविका के क्षेत्र में समन्वित प्रयास कर युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग के स्टॉल में मेरिट प्राप्त विद्यार्थियों को स्वयं लैपटॉप वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कृषि विभाग द्वारा किसान समृद्धि योजना अंतर्गत पांच कृषकों को बोर खनन एवं पंप स्थापना के लिए एक लाख 99 हजार रुपए की राशि एवं एक कृषक को हरी खाद वितरण किया गया। इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग द्वारा कृषोन्नती योजनांतर्गत बागवानी विकास के लिए दो कृषकों को 03 लाख 85 हजार रुपए का चेक और मछली पालन विभाग द्वारा मत्स्य पालन प्रसार योजनांतर्गत 03 कृषकों को 01-01 मछली पकड़ने का जाल वितरण किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने पुनर्वासितों को भी शॉल एवं श्रीफल देकर भेंट मुलाकात की।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, छोटेडोंगर सरपंच संध्या पवार, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेण्डी, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य एवं पार्षदगण, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, वरिष्ठ नागरिक, पत्रकारगण और जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।



