राहुल के. बी कि रिपोर्ट –
बीजापुर। आदिवासी लोक संस्कृति और पारंपरिक कला की शानदार छटा से बीजापुर जिला सराबोर हो उठा। शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में विभिन्न दलों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में मद्देड़ बाजा पार्टी ने प्रथम स्थान हासिल* कर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले इस दल को ₹5,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया, जबकि द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को ₹3,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।


मद्देड़ बाजा पार्टी की पहचान अब केवल बीजापुर जिले तक सीमित नहीं, बल्कि बस्तर संभाग सहित अन्य क्षेत्रों में भी अपनी विशेष पहचान बना रही है। अपनी पारंपरिक लोकधुनों, शानदार वादन शैली और आदिवासी संस्कृति की अनूठी प्रस्तुति के माध्यम से यह पार्टी क्षेत्र की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रही है।
यह आयोजन आदिवासी लोक कला के संरक्षण, जनजातीय संस्कृति को सम्मान देने तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।







