अमित दुबे की रिपोर्ट | बुलन्द टाइम्स न्यूज़
कोटा। रेलवे गतवा फाटक के पास राहगीर को रोककर उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालने और चाकू दिखाकर मोटरसाइकिल, मोबाइल व नकदी लूटने वाले आरोपियों के खिलाफ कोटा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एनएस पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CC 2726, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। मुख्य आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को ग्राम खुरदुर निवासी शिवम् कुमार ध्रुव अपने मित्र के घर ग्राम दवनपुर में लक्ष्मी विसर्जन देखने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से गया था। कार्यक्रम से वापस लौटते समय रेलवे गतवा फाटक कोटा के पास अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने उसे मोटरसाइकिल से अलग होने के लिए धमकाया और अचानक उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसका ओप्पो मोबाइल, एनएस पल्सर मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना थाना कोटा में दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर तंत्र ने खोला आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ, सूचना तंत्र और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कैलाश उर्फ बिल्लू पिता रामलाल साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 पड़ाव पारा कोटा को पकड़ा।
उसके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया गया।
लूट की वारदात में कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई
कोटा पुलिस ने मामले में धारा 126(2), 296, 351(3), 308(4), 309(4), 310(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह (रापुसे) तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय (रापुसे) के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक सुनील पटेल, आरक्षक दीप सिंह कंवर तथा आरक्षक विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोटा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि राहगीरों को रोककर लूटपाट, हथियार के बल पर धमकी और आपराधिक वारदात करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। वारदात के कुछ ही घंटों में आरोपियों तक पहुंचकर लूटा गया सामान बरामद करना पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई को दर्शाता है।







