प्रधानमंत्री ने युवा धावक अनिमेष कुजूर और मल्हार की सांस्कृतिक धरोहर का किया उल्लेख
नारायणपुर, 31 मई 2026// जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र स्थित ग्राम ईरकभट्टी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134 वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों के साथ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के उपरांत वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि आज का ‘मन की बात’ छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और प्रेरणा का विशेष अवसर रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय मंच से प्रदेश के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धि और बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक मल्हार की सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख कर पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जब देश का नेतृत्व किसी राज्य की प्रतिभा और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देता है, तो यह पूरे प्रदेश के लिए सम्मान और आत्मविश्वास का विषय बन जाता है।
वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि जशपुर जिले के युवा धावक अनिमेष कुजूर ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री द्वारा उनकी उपलब्धि का उल्लेख प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी संदेश है कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों की राह में बाधा नहीं बन सकते। उन्होंने कहा कि अनिमेष की सफलता छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति की क्षमता और प्रतिभा का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह से संवाद करते हुए खेलों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में लगातार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटना भारतीय खिलाड़ियों की बढ़ती क्षमता और आत्मविश्वास को दर्शाता है। वनमंत्री ने कहा कि यह केवल खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि देश के युवाओं के बदलते दृष्टिकोण और विश्व स्तर पर पहचान बनाने के संकल्प की कहानी है।
वनमंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिलासपुर जिले के मल्हार में प्राप्त प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का उल्लेख कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी राष्ट्रीय मंच पर सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि यह धरोहर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं की सशक्त पहचान है तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर की सकारात्मक पहल, नवाचार, प्रतिभा, संस्कृति और प्रेरक व्यक्तित्वों को पहचान देने वाला प्रभावी मंच बन चुका है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के प्रति गर्व की भावना और अधिक मजबूत हुई है। इस अवसर पर श्री पवन साय, अखिलेश सोनी, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, छोटेडोंगर सरपंच श्रीमती संध्या पवार, वरिष्ठजन गौतम एस गोलछा, बृजमोहन देवांगन, पार्षदगण, जिला एवं जनपद सदस्यगण, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया, डीएफओ डॉ. वेंकेटेशा एमजी, एसडीएम अभयजीत मण्डावी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित थे।



