सड़क सुरक्षा एवं महिला-बाल सुरक्षा पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत युवाओं में जागरूकता बढ़ाने एवं अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सड़क दुर्घटनाओं, महिला एवं बाल अपराध, नशा मुक्ति, संगठित अपराध तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुदृढ़ प्रशासनिक ढांचे के निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और कानून के प्रति सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में 7 सीजी बटालियन एनसीसी बिलासपुर द्वारा गुरुघासीदास विश्वविद्यालय, कोनी बिलासपुर में आयोजित एनसीसी शिविर में उप निरीक्षक कृष्णा साहू ने कैडेटों को साइबर सुरक्षा और अपराध नियंत्रण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
उन्होंने बताया कि अनजान मोबाइल नंबरों, संदिग्ध लिंक और फर्जी ऑनलाइन ऑफरों पर प्रतिक्रिया देने से बचें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस एवं संबंधित बैंक से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, निजी जानकारी साझा करने से बचने तथा भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों से दूर रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराध, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करें, जिससे सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ कर्नल लोकेश देवा, कैप्टन आशीष शर्मा, सूबेदार मेजर देवेश, फर्स्ट ऑफिसर अशोक नागपुरे, रंजू शर्मा, नवीन सिरस्वर, सेकंड ऑफिसर रवि आडीले, पुखराज माझी, नारायण साहू, मृणाल तथा केंद्रीय विद्यालय जयरामनगर के केयरटेकर सहित 500 से अधिक एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाकर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को और अधिक मजबूत करना रहा।




