अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। बिलासपुर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 5.400 लीटर) तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
दिनांक 18 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति रानीगांव शराब भट्ठी से मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब बिक्री के उद्देश्य से लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खंडोबा मंदिर के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान ग्राम मोहदा निवासी प्रमोद यादव (37 वर्ष) एवं मोहन निर्मलकर (40 वर्ष) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 2,400 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक देवानंद चंद्राकर एवं हरीशंकर चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



