Oplus_131072
तिरंगा हमारा गौरव हमारा थीम पर 12 अगस्त को नारायणपुर से कन्हारगांव तक निकलेगी तिरंगा यात्रा।
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में 12 अगस्त को तिरंगा हमारा, गौरव हमारा थीम पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर नम्रता जैन एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने तिरंगा यात्रा के निर्धारित मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तिरंगा यात्रा नारायणपुर से कन्हारगांव तक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप उपस्थित रहेंगे। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को नमन करने के साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति, देश के प्रति समर्पण, एकता, भाईचारा एवं सद्भावना की भावना को मजबूत करना है। कलेक्टर नम्रता जैन एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने तिरंगा यात्रा के अंतर्गत निर्धारित ग्राम हलामी मुंझमेटा, झारा, धौड़ाई एवं कन्हारगांव सहित अन्य चयनित स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, यातायात, सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
तिरंगा यात्रा के दौरान चयनित स्थलों पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक चयनित स्थल पर संबंधित शहीद के नाम पर एक-एक पौधा लगाया जाएगा। इस पहल के माध्यम से शहीदों के त्याग एवं बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित दायित्वों का व्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों एवं युवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान मार्ग में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तिरंगा यात्रा बाइक रैली के रूप में आयोजित की जाएगी। इसे देखते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने यात्रा मार्ग का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यकतानुसार सड़क की मरम्मत एवं मार्ग को व्यवस्थित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग में आने वाले संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों का भी जायजा लिया, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम अभयजीत मंडावी, तहसीलदार छोटे डोंगर वेद प्रकाश साहू, जनपद सीईओ ओरछा अमित भाटिया, नारायणपुर गुरमीत सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।




