गरियाबंद – गरियाबंद पुलिस द्वारा किसानों के हितों की सुरक्षा एवं आवश्यक कृषि सामग्री की कालाबाजारी तथा अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना देवभोग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम तेतलखुटी, थाना देवभोग क्षेत्र में एक मेंटाडोर आईसर वाहन क्रमांक CG 07 CK 3719 के माध्यम से बड़ी मात्रा में DAP खाद का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना देवभोग पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोककर विधिवत जांच की। जांच के दौरान वाहन में DAP खाद की कुल 280 बोरी बरामद हुई। प्रत्येक बोरी में लगभग 45 किलोग्राम DAP खाद भरी हुई थी। इस प्रकार वाहन से कुल 12,600 किलोग्राम (126 क्विंटल) DAP खाद बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹3,78,000/- आंकी गई। वाहन चालक युधिष्ठिर दनता, पिता भोट राम दनता, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम इन्दागांव, थाना इन्दागांव, जिला गरियाबंद (छत्तीसगढ़) से खाद के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज एवं आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वह संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया अवैध परिवहन पाए जाने पर पुलिस द्वारा DAP खाद एवं मेंटाडोर आईसर वाहन क्रमांक CG 07 CK 3719 को विधिवत जप्त कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। जप्त मेंटाडोर वाहन की अनुमानित कीमत ₹5,00,000/- है। इस प्रकार प्रकरण में कुल ₹8,78,000/- (आठ लाख अठहत्तर हजार रुपये) मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है। प्रकरण की सूचना संबंधित कृषि विभाग को प्रेषित कर दी गई है तथा खाद के स्रोत, गंतव्य एवं इस अवैध परिवहन में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस किसानों के हितों के संरक्षण एवं आवश्यक कृषि सामग्री की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं अवैध परिवहन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
गरियाबंद पुलिस की अपील:
यदि किसी भी व्यक्ति को खाद, बीज अथवा अन्य कृषि सामग्री के अवैध भंडारण, कालाबाजारी या अवैध परिवहन की जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा संबंधित विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।




