Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज़, पत्थलगांव। युवा सरपंच की पहल से गांव को मिलेगी नई पहचान रोजगार के साथ बढ़ेगा पंचायत का राजस्व पत्थलगांव विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खरकट्टा के इतिहास में पहली बार साप्ताहिक बाजार का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। शुक्रवार को हुई ग्राम सभा में सर्वसम्मति से यह ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया गया। आजादी के बाद पहली बार अपने गांव में खुद का साप्ताहिक बाजार लगने की खबर से स्थानीय लोगों और आस-पास के ग्रामीणों में भारी उत्साह का माहौल है।
बाजार के शुभारंभ के अवसर पर सर्वप्रथम गांव के परंपरागत बैगा द्वारा बाजार स्थल पर विधि-विधान से पूजा-पाठ कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद बाजार का विधिवत संचालन शुरू हुआ। फिलहाल बाजार के लिए गांव के अटल चौक’ को चिन्हांकित किया गया है। सरपंच ने बताया कि भविष्य में जैसे-जैसे बाजार का दायरा बढ़ेगा, इसके लिए कोई उपयुक्त और स्थायी जगह तय की जाएगी।
युवा सरपंच इसू दास किंडो ने बताया कि ग्राम सभा में सभी पंचों और नागरिकों की सहमति से आज 29 जून (सोमवार) से इस बाजार का शुभारंभ कर दिया गया है। बाहरी और स्थानीय दुकानदारों के पहुंचते ही चौक पर भारी रौनक देखने को मिली। शुभारंभ के बाद सरपंच इसू दास किंडो ने स्वयं बाजार का निरीक्षण किया और नवनिर्मित दुकानों से सब्जियां एवं अन्य सामानों की खरीदी कर दुकानदारों का सम्मान व उत्साहवर्धन किया। पहले ही दिन बाजार में सब्जी, बर्तन, कपड़े, मनिहारी (जनरल स्टोर) एवं अन्य दैनिक उपयोगी दुकानों पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।
“गांव में साप्ताहिक बाजार शुरू होने से न केवल खरकट्टा को क्षेत्र में एक नई पहचान मिलेगी, बल्कि इससे पंचायत के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। ग्रामीणों को अब ताजी सब्जियों, राशन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लिए दूसरे गांवों या शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके साथ ही स्थानीय छोटे व्यापारियों, किसानों और युवाओं को स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर प्राप्त होंगे।”
इसू दास किंडो, सरपंच (ग्राम पंचायत खरकट्टा)
गांव में साप्ताहिक बाजार शुरू करने के इस फैसले को ग्रामीण एक मील का पत्थर और महत्वपूर्ण विकास कार्य के रूप में देख रहे हैं। इस सकारात्मक पहल और दूरदर्शी सोच के लिए पूरे क्षेत्र में युवा सरपंच इसू दास किंडो और ग्राम पंचायत प्रशासन की जमकर सराहना हो रही है।



