Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज़/अमित दुबे
रतनपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के अंतर्गत भाजपा मंडल रतनपुर, जिला बिलासपुर (ग्रामीण) में एक दिवसीय संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना, डिजिटल माध्यमों से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना रहा।

कार्यशाला में भाजपा रतनपुर मंडल के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा आगामी अभियानों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर रतनपुर मंडल के विभिन्न शक्ति केंद्रों के प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों के नामों की घोषणा की गई। नव नियुक्त प्रभारियों को संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मुख्य अतिथि रजनीश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचारों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म को संगठन को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा बबलू कश्यप ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यशालाएं संगठन की मजबूती का आधार हैं।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी सक्रियता से ही पार्टी निरंतर सफलता प्राप्त करती है।
नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं भाजपा नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन लगातार जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी अभियानों को सफल बनाने तथा राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यशाला का समापन भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों के प्रति समर्पण व्यक्त करते हुए किया गया।



