Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीष मिश्रा
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए माना बस्ती क्षेत्र में सड़क पर विचरण करने वाले आवारा मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाए।
माना बस्ती, ब्लॉक धरसींवा निवासी श्री अंशु कुमार ने सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि सड़क पर आवारा गाय-बैल एवं अन्य मवेशियों के विचरण से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही वाहन चालकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायतकर्ता ने मवेशियों के गले में दूर से दिखाई देने वाले बेल्ट लगाने सहित आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। शासकीय पशु चिकित्सालय, माना बस्ती की टीम द्वारा सड़क पर विचरण करने वाले मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाए गए, जिससे रात के समय वाहन चालकों को मवेशी दूर से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों को राहत मिली है। रेडियम बेल्ट लगाए जाने से रात के समय सड़क पर मवेशियों की दृश्यता बढ़ेगी तथा वाहन चालकों को समय रहते सावधानी बरतने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दर्ज कराएं। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।




