Oplus_131072
बस्तर संभाग ओवरऑल चैंपियन, खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का किया प्रदर्शन।
बुलंद टाइम्स न्यूज/ए आर कर्मा
दंतेवाड़ा। जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत 19 सितंबर से 22 सितम्बर तक राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कबड्डी 17 वर्ष आयु वर्ग तथा सॉफ्टबॉल 14 वर्ष आयुवर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में राज्य के बस्तर, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं सरगुजा संभाग से लगभग 60-60 प्रतिभागियों ने भाग लिया इस प्रकार क्रीड़ा प्रतियोगिता में कुल 300 प्रतिभागी प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता के परिणाम में कबड्डी बालक वर्ग (17 वर्ष) प्रथम स्थान बिलासपुर संभाग, द्वितीय स्थान बस्तर संभाग, तृतीय स्थान रायपुर संभाग। कबड्डी बालिका वर्ग (17वर्ष) प्रथम स्थान बिलासपुर संभाग,द्वितीय स्थान बस्तर संभाग, तृतीय स्थान रायपुर संभाग रहा है।इस प्रकार सॉफ्ट बाल में बालक वर्ग (14 वर्ष) प्रथम स्थान बस्तर संभाग,द्वितीय स्थान बिलासपुर संभाग, तृतीय स्थान दुर्ग संभाग, सॉफ्ट बाल में बालिका वर्ग (14 वर्ष) प्रथम स्थान बस्तर संभाग,द्वितीय स्थान दुर्ग संभाग,तृतीय स्थान रायपुर संभाग रहा है।संपूर्ण प्रतियोगिता में बस्तर संभाग की टीम ओवरऑल चैम्पियन रही।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी के एक मुकाबले में बेहद रोमांचक क्षण भी देखने को मिला। बस्तर की बेटी सुखमती ने मुकाबले के अंतिम 30 सेकंड में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत की ओर पहुंचाया और महत्वपूर्ण 5 अंक अर्जित किए। उनके इस प्रदर्शन ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। श्री मुड़ामी ने समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी गई तथा आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन के लिए दोगुनी मेहनत एवं तैयारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करती हैं। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सभी प्रतिभागियों से निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
26 वीं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता का सफल संचालन एवं आयोजन कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिले के विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। खिलाड़ियों एवं आयोजन से जुड़े व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। इसी प्रकार विद्युत विभाग द्वारा विद्युत व्यवस्था प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी खिलाड़ियों के आवास, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए नगर पंचायत गीदम, नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। इसी तरह लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, उद्यान विभाग, खाद्य विभाग एवं ग्राम पंचायत कारली का भी प्रतियोगिता के सफलतम् आयोजन में सहयोग प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिले के समस्त पी.टी.आई, खेल अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा पूर्ण समर्पण एवं टीम भावना के साथ अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर की ओर से इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रशिक्षकों, पी.टी.आई. शिक्षकों, स्थानीय निकायों एवं पुलिस प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जनपद पंचायत सदस्य श्री रामूराम नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, पत्रकारगण, खेल प्रतिभागी बच्चे एवं चारों विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।




