Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर के मेलाभाठा क्षेत्र में धारदार चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को थाना रतनपुर में सूचना प्राप्त हुई कि मेलाभाठा रतनपुर में एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है तथा क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने तत्काल उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम रवाना की।
पुलिस टीम ने मेलाभाठा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी की पहचान निलेश कश्यप पिता हिन्छाराम कश्यप, उम्र 52 वर्ष, निवासी गिधौरी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बरामद धारदार चाकू को जब्त किया तथा उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की। कार्रवाई पूर्ण करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। रतनपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक पवन ठाकुर एवं अखिलेश पारकर का विशेष योगदान रहा।




