Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/ए.आर. कर्मा
बड़े बचेली। दिनांक 28 सितंबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के तहत आर.ई.एस. कॉलोनी स्थित मंगल भवन, बड़े बचेली में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उपस्थित होकर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका अधिकारियों को अवगत कराया। संबंधित समस्याओं का यथासंभव तत्काल निराकरण किया गया।
इस अवसर पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के उपाध्यक्ष धनसिंग नाग सहित पार्षद सतीश प्रेमचंदानी, दीपक सरकार, विजय भोगामी, संजीव साव, एल्डरमैन शिखा अधिकारी, अरुणा टंडन एवं लक्ष्मी पाणी की उपस्थिति में 20 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करने तथा समाज के सभी वर्गों के हित में सेवा भावना के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, सामाजिक कार्यों तथा नगर के विकास से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से बढ़ा उत्साह
शिविर में नगर के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका के अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की। शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न नगर पालिका सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पी.टी.एम. कृष्णाराव ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की प्रेरणादायी उपस्थिति से ऐसे सेवा शिविरों को मजबूती मिलती है। उन्होंने नागरिकों से नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की।
शिविर में नागरिकों की सहभागिता एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण से सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने का संदेश मिला।




