बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। थाना रतनपुर पुलिस ने क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों से अपने गांव, परिवार और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की है। पुलिस द्वारा जारी जागरूकता संदेश में ग्रामीणों को असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और घूम-घूमकर सामान बेचने वाले लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने ग्रामीणों से कहा है कि गांव में डेरा जमाने वाले, घुमंतू गिरोह, फेरी वाले, बर्तन बदलने वाले तथा सोना-चांदी की सफाई करने का दावा करने वाले अनजान लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना जानकारी के घर में प्रवेश नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
जागरूकता संदेश में पुलिस ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में घर को सूना न छोड़ें। अनजान लोगों के किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं तथा अपरिचित व्यक्तियों से किसी भी प्रकार का व्यापार या लेन-देन करने से पहले पूरी जानकारी अवश्य लें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि गांव में बाहर से आने वाले घूमंतू, डेरा डालने वाले अथवा फेरी वालों के आने की जानकारी पुलिस को दी जाए, ताकि उनकी गतिविधियों की आवश्यक जांच की जा सके। ग्रामीणों से संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल थाना रतनपुर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें
रतनपुर पुलिस ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सतर्कता और जागरूकता से ही गांव एवं परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना थाना रतनपुर पुलिस को दी जा सकती है।
थाना रतनपुर संपर्क नंबर: 9479193032
पुलिस का संदेश है—
“सतर्क ग्रामवासी = सुरक्षित क्षेत्र = समृद्ध रतनपुर”




