चारामा। पेंशनर धारी कल्याण संघ शाखा चारामा की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके सिद्धांतों को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी ने राष्ट्र धर्म का निर्वहन करते हुए मानव समाज को सत्य, अहिंसा और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य की वास्तविक उपयोगिता उसके कर्म और समाज के प्रति योगदान से साबित होती है। जो व्यक्ति अपनी उपयोगिता समाज के लिए सिद्ध करता है, वह सामान्य मानव से ऊपर उठकर प्रेरणास्रोत बन जाता है।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष कन्हैया ठाकुर, उपाध्यक्ष हीरालाल साहू, संगठन सचिव लीलाराम नेताम, राम सेवक, कौमार्य सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।




