सारंगढ़-बिलाईगढ़। सपेरा बस्ती के परिवारों को पारंपरिक जीवन-यापन से आगे बढ़ाकर सम्मानजनक जीवन, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि जो परिवार पहले सांप दिखाकर अपना जीवन-यापन करते थे, उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से आवास और आजीविका, दोनों स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बेहतर आवास उपलब्ध कराने के साथ ही एक सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बस्ती विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, उन्हें स्थायी रोजगार और आय का साधन उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सभी लोगों को एक ही काम नहीं सिखाया जा रहा है, बल्कि उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार अलग-अलग कौशल विकसित किए जा रहे हैं। कोई कढ़ाई का कार्य सीख रहा है, कोई सिलाई एवं धागा-बटन का कार्य, जबकि कुछ लोग हस्तकरघे पर कपड़े एवं साड़ी बुनने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हस्तकरघे से इनके द्वारा तैयार की जा रही साड़ियों को “कौसली साड़ी” के नाम से ब्रांड पहचान देने की पहल की गई है। इनके द्वारा सुंदर साड़ियां, कुर्ते एवं अन्य वस्त्र तैयार किए जा रहे हैं। प्रसिद्ध प्रशिक्षक अरुण मेहरा के मार्गदर्शन में दिए जा रहे प्रशिक्षण से इन परिवारों को पारंपरिक जीवन-यापन से आगे बढ़कर नया हुनर सीखने और नया व्यवसाय विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि कलेक्टर महोदया के मार्गदर्शन में एनआरएलएम के माध्यम से भी इन परिवारों को निरंतर सहयोग दिया जा रहा है। उनके हुनर को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार एवं अनुभव प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए हैं। हमारा प्रयास है कि प्रशिक्षण के बाद इनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध हो, उनकी आय बढ़े और ये परिवार अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर बनें।
उन्होंने कहा कि यह पहल केवल कौशल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि आवास, कौशल, रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता—इन सभी को एक साथ जोड़कर सपेरा बस्ती के परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि आज का दिन देश के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्रीकी भी जन्मजयंती है। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने ने सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाया। इन दोनों महान विभूतियों के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना हमारा संकल्प है।
कार्यक्रम में कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता जगन्नाथ पाण्डेग्राही, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत सदस्य सहोदरा सीदार, जिला पंचायत सदस्य अभिलाषा नायक तथा एनआरएलएम एपीओ संजू पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




