ए.आर. कर्मा
रिपोर्टर एवं बस्तर संभाग हेड✍️
बचेली, 02 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सीआईएसएफ इकाई, बीआईओएम बचेली द्वारा सामाजिक सरोकार एवं जनसेवा की भावना के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में सीआईएसएफ कर्मियों के साथ अन्य संस्थानों के कार्मिकों एवं विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
रक्तदान कर दिया मानव सेवा का संदेश
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में सीआईएसएफ यूनिट के 12 कार्मिकों ने स्वैच्छिक रूप से एनएमडीसी अपोलो अस्पताल, बचेली में रक्तदान किया। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करने के साथ ही लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
सीआईएसएफ कर्मियों की इस पहल ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।
बचेली बाजार में चला स्वच्छता अभियान
इसी क्रम में स्वच्छ भारत अभियान के तहत बचेली बाजार क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में सीआईएसएफ कर्मियों के साथ सीआरपीएफ 230 बटालियन, नेरली के कार्मिकों तथा एनएमडीसी डीएवी आईटीआई के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
प्रतिभागियों ने बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की तथा आम नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छ पर्यावरण के महत्व और कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया।
गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से सीआईएसएफ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता, सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रमों ने समाज में सामूहिक सहभागिता और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।




