बुलंद टाइम्स के लिए जिला ब्यूरो चीफ अनीश मिश्रा की रिपोर्ट
रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) जिला रायपुर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी कार्यालय में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी जी के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना प्रमुख हथियार बनाकर देश को स्वतंत्रता के आंदोलन में एकजुट किया। उनका जीवन सादगी, सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देता है। गांधी जी के विचार आज भी समाज में शांति, भाईचारे और सद्भावना के लिए प्रेरणादायी हैं।
कार्यक्रम में छोटे बच्चों ने महात्मा गांधी जी का गेटअप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने गांधी जी के वेश में पहुंचकर बापू के संदेश को जीवंत किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि नई पीढ़ी को महात्मा गांधी जी के विचारों एवं आदर्शों से जोड़ना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ग्रामीण नीलेश पाण्डेय, अविनाश पाण्डेय सहित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में शांति, एकता और सद्भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि गांधी जी का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके “सत्य और अहिंसा” के सिद्धांतों को अपनाकर ही एक बेहतर और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।




