संवाददाता — ईश्वर सिंह प्रधान की रिपोर्ट
रतनपुर। धार्मिक नगरी रतनपुर में सड़कों की बदहाल स्थिति से आम नागरिकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं सड़क पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं, तो कहीं कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। सड़क की स्थिति को देखकर ऐसा लगता है कि आम जनता की परेशानी दूर करने की दिशा में अब तक पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए हैं।
नवरात्र शुरू होने से पहले भी सड़कें बदहाल
कल से नवरात्र पर्व शुरू होने वाला है। ऐसे में रतनपुर में श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर धूल, कीचड़ और जगह-जगह जमा गंदे पानी से लोगों को परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों को कीचड़ और गड्ढों के बीच से गुजरना पड़ रहा है, वहीं उड़ती धूल से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी
नवरात्र के दौरान मां महामाया के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रतनपुर पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों की बदहाल स्थिति से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो सकती है। सड़क पर फैले कीचड़ और पानी के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों की मांग है कि नवरात्र पर्व को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग तत्काल सड़क की सफाई, कीचड़ हटाने और धूल से राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए, ताकि आम जनता और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
अब देखना यह है कि नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन कब तक इन सड़कों की सुध लेता है।




