सुरेश सोनी
नारायणपुर, 10 अक्टूबर 2026// विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल नारायणपुर में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनएमएचपी) के अंतर्गत ‘मन जागृति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण एवं विशेष उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत जीएनएम की छात्राओं ने जिला अस्पताल परिसर से घड़ी चौक तक जनजागरूकता रैली निकाली। रैली में छात्राओं ने नारों एवं तख्तियों के माध्यम से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक किया। इसके पश्चात जिला अस्पताल परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने, मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ ली।
इस अवसर पर विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। तनाव, अवसाद अथवा अन्य मानसिक परेशानियों की स्थिति में संकोच करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। कार्यक्रम में 24 घंटे उपलब्ध निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवा ‘टेली-मानस’ के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी देते हुए नागरिकों से आवश्यकता पड़ने पर इसका लाभ लेने की अपील की गई।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार भोयर, एनएमएचपी के नोडल अधिकारी डॉ. बी.एन. बानपुरिया, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. यखिलेश्वरी ठाकुर, असिस्टेंट नोडल अधिकारी श्री छत्रपाल साहू, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट श्री मनोज देवांगन, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर श्री उमेश वर्मा, स्पीच थेरेपिस्ट श्री रूद्र नाथ साहू सहित अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, मितानिन एवं जीएनएम की छात्राएं उपस्थित रहीं।




