सी.एल.साहू
ब्यूरो चीफ, कांकेर
उत्तर बस्तर कांकेर 14 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ ओपन काउंसलिंग का आयोजन 16 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। यह काउंसलिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर 228 रिक्त सीटों के लिए आयोजित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार काउंसलिंग सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर, अटल नगर के ब्लॉक-5, तृतीय तल स्थित हॉल नंबर-4 में होगी। काउंसलिंग की जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है।
आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा आठवीं में प्रथम श्रेणी 60 प्रतिशत से उत्तीर्ण होने की अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा लागू होने पर विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत होने संबंधी नोटरी सत्यापित प्रमाण पत्र 10 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर प्रस्तुत करना होगा।
विशेष श्रेणी के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता की संतान, अनाथ, विधवा माता की संतान, परित्यक्ता महिला की संतान अथवा देश की रक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल या सैनिक के बच्चे होने संबंधी प्रमाण पत्र भी लाना अनिवार्य होगा। काउंसलिंग के बाद प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। रिक्त सीटों की संख्या में वृद्धि या कमी संभव है।




