अमित दुबे की रिपोर्ट | बुलंद टाइम्स न्यूज़
रतनपुर (बिलासपुर)। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम जाली में दबिश देकर कथित रूप से अवैध गांजा रखने और बिक्री करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 8.185 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 9 हजार रुपये है, तथा एक वीवो मोबाइल फोन जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने दी दबिश
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, डीएसपी क्राइम श्री सुदीप सरकार तथा एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान 15 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जाली निवासी भंवर सिंह नेताम (45 वर्ष), पिता पंचराम नेताम, अपने चाचा के घर में भारी मात्रा में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
8.185 किलो गांजा और मोबाइल जब्त
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 8.185 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की कीमत 4,09,000 रुपये तथा मोबाइल फोन सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत 4,20,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी भंवर सिंह नेताम के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व एवं पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, उपनिरीक्षक हेमंत आदित्य, आरक्षक देवानंद चन्द्राकर, आकाश डोंगरे, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह (681), प्रमोद सिंह (459), आरक्षक रवि शंकर यादव (1381), प्रेम सूर्यवंशी (54), महेत्तर कश्यप (1388) तथा मुकेश (749) का विशेष योगदान रहा।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। इस प्रकार की कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त संदेश जाता है।




