याद राम साहू की रिपोर्ट :-
kनगर पंचायत गुण्डरदेही के वार्ड क्रमांक 8 स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक हनुमान मंदिर में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन ने दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा हनुमान जी से नगर की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने मंदिर की प्राचीनता एवं धार्मिक महत्ता को बनाए रखने के लिए मंदिर की देखरेख और संरक्षण कर रहे स्थानीय नागरिकों की सराहना की। उन्होंने सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इतने पुराने एवं ऐतिहासिक मंदिर को सहेजकर रखना सराहनीय कार्य है। ऐसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं, जिनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलिंग एवं टाइल्स लगाने के लिए राशि प्रदान करने की घोषणा भी की गई, जिससे मंदिर परिसर को और बेहतर बनाया जा सके।

वहीं, वार्ड क्रमांक 7 में जय महाकाल दुर्गा उत्सव समिति की मांग पर मंच निर्माण के लिए ₹5 लाख की राशि देने की घोषणा की गई। मंच निर्माण से धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी तथा वार्डवासियों को विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।
इसके साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन बाजार परिसर में आयोजित रास गरबा कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने गरबा आयोजन में भाग ले रहे श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का उत्साहवर्धन किया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति, उल्लास एवं सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।
इन गतिविधियों के माध्यम से नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सामाजिक आयोजनों को प्रोत्साहन देने तथा वार्डों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सकारात्मक पहल की गई।




